झारखंड के कुख्यात अपराधियों की संपत्ति पर ATS की नजर, रिश्तेदारों को भेजा नोटिस…

Jharkhand: झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने राज्य में सक्रिय कुख्यात अपराधियों की संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। इसके तहत एटीएस ने अपराधियों के रिश्तेदारों को नोटिस भेजकर उनकी चल-अचल संपत्ति की पूरी जानकारी मांगी है।
एटीएस के एसपी ऋषभ झा ने बताया कि अब तक दस रिश्तेदारों को नोटिस भेजा गया है। अगर उन्होंने अपनी संपत्तियों की सही जानकारी नहीं दी तो उन पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि इन अपराधियों ने रंगदारी और लेवी वसूली से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है।
नोटिस पाने वालों में कुख्यात अपराधी अमन श्रीवास्तव, सुजीत सिन्हा, प्रिंस खान, डब्लू सिंह, मयंक सिंह और विकास तिवारी के रिश्तेदार शामिल हैं। एटीएस की जांच का मकसद यह पता लगाना है कि अपराध से जुटाए गए धन का उपयोग कहां और किस तरह किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक ATS जल्द ही इन अपराधियों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगी।


