धनबाद में अतिक्रमण हटाने में विफल प्रशासन, विधायक सरयू राय ने विधानसभा में कार्रवाई की मांग की…

Jamshedpur news: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने धनबाद प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रशासन ने मौजा-दरिदा की अतिक्रमित भूमि को समय पर अतिक्रमण मुक्त नहीं किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो को पत्र लिखकर धनबाद के उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी और बाघमारा अंचल अधिकारी के खिलाफ सदन की अवमानना और सदस्य के विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सरयू राय के अनुसार 28 अगस्त को मंत्री द्वारा सदन में यह आश्वासन दिया गया था कि अतिक्रमित भूमि को 08 सितंबर 2025 तक अतिक्रमण मुक्त कर दिया जाएगा। इसके लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया गया था। लेकिन निर्धारित तिथि तक प्रशासन ने न तो अतिक्रमण हटाया और न ही पुलिस बल की व्यवस्था की।
विधायक ने कहा कि यह न केवल सदन में दिए गए उत्तर का उल्लंघन है बल्कि सदन के सदस्य के अधिकार का भी हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद प्रशासन अतिक्रमणकारियों के साथ मिलीभगत कर रहा है और जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहा।
सरयू राय ने पूर्व में भी इस मामले को 02 अगस्त 2024 और 07 मार्च 2025 को विधानसभा में उठाया था तब भी सरकार ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि अब समय आ गया है कि प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अतिक्रमित भूमि को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।

