श्रद्धा कर्म में जा रहे 28 लोगों से भरी पिकअप वैन पलटी, 20 घायल, 11 गंभीर हालत में रेफर…
चाईबासा: रविवार दोपहर करीब तीन बजे चाईबासा के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के बड़ा थोलको के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धा कर्म में शामिल होने के लिए जा रहे कुलुपटांगा गांव के 28 लोग पिकअप वैन (छोटा हाथी) में सवार थे। वाहन पूरी तरह ओवरलोड था। बड़ा थोलको के पास चालक का नियंत्रण छूट जाने से वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में 20 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 11 गंभीर रूप से घायलों को जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।घायलों में कई महिलाएं, किशोर और एक दो वर्षीय बच्ची भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम की स्थिति है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। घायल यात्रियों ने बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और चालक काफी तेजी से गाड़ी चला रहा था, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।


