उद्घाटन से पहले ही ढह गया 6 करोड़ का पुल, पहली बारिश में उजागर हुआ भ्रष्टाचार…

Jharkhand: झारखंड के धनबाद जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बाघमारा के माटीगढ़ डेम कॉलोनी के पास जमुनिया नदी पर छह करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुल उद्घाटन से पहले ही बारिश में ढह गया। मानसून की पहली ही बारिश ने पुल निर्माण में हुई भारी गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है।
यह पुल मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत धनबाद और बोकारो जिलों को जोड़ने के उद्देश्य से बनाया जा रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण में गंभीर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है। बारिश के बाद न केवल पुल का एक हिस्सा टूट गया बल्कि अप्रोच रोड में भी बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं।
यह परियोजना ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, धनबाद द्वारा संचालित की जा रही थी। इस पुल का शिलान्यास 10 अगस्त 2022 को तत्कालीन विधायक और वर्तमान सांसद ढुलू महतो ने किया था। निर्माण कार्य प्रीति इंटरप्राइजेज नामक कंपनी को सौंपा गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीण विकास प्रमंडल धनबाद के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नरेंद्र कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि परियोजना की कुल लागत छह करोड़ रुपये है जिसमें से अब तक साढ़े चार करोड़ का भुगतान हो चुका है और डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान बाकी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कार्य अभी अधूरे हैं और ठेकेदार को क्षतिग्रस्त हिस्से की तुरंत मरम्मत के निर्देश दे दिए गए हैं।
हालांकि स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और वे इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह मामला सिर्फ मरम्मत का नहीं बल्कि भ्रष्टाचार की गहराई से जांच का है।