जमशेदपुर में झाड़ू फैक्ट्री में युवाल पर हमला, गंभीर रूप से घायल
जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलिडीह थाना क्षेत्र के हयातनगर में स्थित एक झाड़ू फैक्ट्री में कुछ युवकों ने घुसकर सोहेल अंसारी नामक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के दौरान आरोपियों ने फैक्ट्री में गाली-गलौज करते हुए बुरी तरह मारपीट की, जिससे सोहेल गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी वारदात फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ रिकॉर्ड हो गई है, जो पुलिस के लिए अहम सुराग बना है।घटना के बाद घायल सोहेल अंसारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
वह जमशेदपुर के आजाद बस्ती, जवाहरनगर रोड नंबर 13 का रहने वाला है। पीड़ित की पत्नी साकिया खातून ने उलिडीह थाने में इस घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला करने वालों में छोटू, जब्बार, अरसलान समेत करीब 12 युवक शामिल थे। सभी ने मिलकर फैक्ट्री में घुसकर उसके पति पर बेरहमी से हमला किया।पुलिस ने फैक्ट्री से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और आरोपियों की पहचान में जुट गई है। उलिडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे असली वजह क्या थी, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।


