झारखंड में 10 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट, बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम ला रहा लगातार बारिश…

Jharkhand: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में मंगलवार को दिनभर तेज धूप के बाद शाम को अचानक मूसलाधार बारिश हुई जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश के बाद रांची का तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस गिर गया और मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर पूरे राज्य में दिखाई दे रहा है। इस कारण अगले दो सप्ताह तक झारखंड में लगातार बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।
आज के लिए मौसम विभाग ने झारखंड के 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पलामू, लातेहार, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ और दुमका शामिल हैं। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की आशंका भी है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे सावधानी बरतें और फिलहाल खेतों में जाने से बचें।
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि फिलहाल मॉनसून की ट्रफ रेखा बिहार के छपरा से होकर गुजर रही है लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण झारखंड में बारिश जारी रहेगी।
राजधानी रांची में अब तक 992 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है जो सामान्य से काफी ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 अगस्त तक राज्य में बारिश, तेज हवा और बादलों का सिलसिला यूं ही चलता रहेगा। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

