टाटानगर में ट्रेन में महिला यात्री की मौत, रेल पुलिस ने किया शव बरामद

शनिवार सुबह एर्नाकुलम–टाटा एक्सप्रेस के एसी कोच में एक महिला यात्री का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान घाटशिला के महुलिया निवासी अंजली मार्डी (31) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अंजली विवाहित थी और आंध्र प्रदेश में काम कर रही थी। घर लौटते समय अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और ट्रेन में ही उसकी मौत हो गई।
रेल पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी को घटना के बारे में जानकारी नहीं थी।
रेल पुलिस ने शव को टाटानगर स्टेशन पर उतार दिया और परिजनों को सूचना दे दी। समाचार लिखे जाने तक परिजन स्टेशन नहीं पहुंच पाए थे। परिजनों के आने के बाद ही इस मामले में और स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच इस घटना से सनसनी फैल गई। रेल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि महिला की मौत केवल बीमारी के कारण हुई या इसमें कोई अन्य कारण भी शामिल है।

