झारखंड में बारिश की शुरुआत के साथ ही वज्रपात का कहर एक ही दिन में 4 की मौत 5 घायल, गढ़वा, पलामू और गालूडीह में दिखा असर…

खबर को शेयर करें
1000203486

Jharkhand: झारखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही आकाशीय बिजली ने कहर मचाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को राज्य के गढ़वा, पलामू और गालूडीह क्षेत्रों में अलग-अलग वज्रपात की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 लोग घायल हुए हैं।

गढ़वा जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र स्थित अहमर गांव में आम चुनने के दौरान बिजली गिरने से 20 वर्षीय मजदूर महिला मंजू देवी की मौत हो गई जबकि उसकी 5 साल की बेटी और एक अन्य युवक झुलस गए। घायलों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है।

पलामू जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई। चैनपुर के चांदो गांव में 60 वर्षीय महिला और उसकी 21 साल की बेटी की घर के बरामदे में बैठे-बैठे मौत हो गई वहीं रेहला थाना क्षेत्र में एक मजदूर सुनील भुइयां की खुले मैदान में मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल है। वहीं दूसरी घटना रेहला थाना क्षेत्र के उर्दवार गांव की है। मजदूर सुनील भुइयां (52 वर्ष) दोपहर में खाना खाने घर लौट रहे थे तभी खुले मैदान में बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।

गालूडीह थाना क्षेत्र के बराज डैम पर तटबंध निर्माण कार्य के दौरान वज्रपात से दो मजदूर झुलस गए। इनमें एक 16 वर्षीय किशोर शिवम सिंह भी शामिल है जिससे बाल मजदूरी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

प्रशासन की ओर से सभी घटनाओं की जांच जारी है और लोगों से बरसात के समय सावधानी बरतने की अपील की गई है।