धैर्य पर किस्मत पड़ी भारी तो छलक पड़े आंसू, मैदान पर ही रो पड़े मोहम्मद सिराज, इंग्लैंड ने दी मात, लेकिन दिल जीत ले गया क्रिकेट का जज़्बा…

Azad Reporter desk: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच खेला गया जिसमें इंग्लैंड ने भारत को बेहद रोमांचक मुकाबले में 22 रन से हरा दिया और पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। लेकिन इस मैच के आखिरी पल ने हर किसी को भावुक कर दिया।
भारत को जीत के लिए 193 रनों की जरूरत थी। आखिरी उम्मीद रविंद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज पर टिकी थी। जडेजा ने नाबाद 61 रन बनाए जबकि सिराज ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 80 गेंदों तक विकेट नहीं गिरने दिया। उन्होंने टीम को जीत की दहलीज़ पर ला खड़ा किया।
लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण क्षण में इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर की एक गेंद सिराज के बल्ले से टकराकर पिच पर लुढ़कती हुई स्टंप्स में जा लगी और भारत की जीत की उम्मीद टूट गई।
इसके बाद सिराज मैदान पर ही बैठ गए और रोने लगे। आंखों से छलकते आंसू बता रहे थे कि उन्होंने पूरी जान लगा दी थी। यह पल हर भारतीय दर्शक के लिए दिल तोड़ने वाला था।
लेकिन क्रिकेट ने यहां अपनी खूबसूरती भी दिखाई। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स खुद सिराज के पास आए उन्हें गले लगाया और सांत्वना दी। इंग्लिश खिलाड़ी जश्न छोड़कर सिराज के पास पहुंचे। खेल भावना की यह तस्वीर सबका दिल जीत गई।
हालांकि इस मैच में सिराज कोई विकेट नहीं ले सके लेकिन उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ 132 गेंदों में 35 रन और जडेजा के साथ 80 गेंदों में 23 रन की साझेदारी कर टीम को हार से काफी दूर तक खींच लिया।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दिन की शुरुआत 4 विकेट पर 58 रन से हुई। लेकिन राहुल, पंत और सुंदर जल्दी आउट हो गए। जडेजा और रेड्डी ने लड़ाई जारी रखी लेकिन लंच से पहले रेड्डी भी आउट हो गए।
आखिरी उम्मीद सिराज ही थे। उन्होंने हार नहीं मानी लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया।
अब अगला टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा जहां टीम इंडिया वापसी की पूरी कोशिश करेगी।

