पश्चिम सिंहभूम! वैतरणी नदी में बाढ़ की आशंका, जगन्नाथपुर के 17 गांवों को अलर्ट पर रखा गया…

Jharkhand: पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर अंचल क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जानकारी के अनुसार इलाके से होकर गुजरने वाली वैतरणी नदी में कभी भी अचानक बाढ़ आ सकती है जिसे लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जगन्नाथपुर के अंचल अधिकारी ने नदी किनारे बसे 17 गांवों को अलर्ट पर रखा है। इन गांवों के मुखिया, मानकी और मुंडाओं को पत्र जारी कर जानकारी दी गई है कि वैतरणी नदी में जलस्तर बढ़ सकता है इसलिए ग्रामीणों को अभी से सतर्क रहने और नदी के किनारे न जाने की अपील की गई है।
सीओ ने बताया कि यह अलर्ट ओडिशा की कनपुरा सिंचाई परियोजना से मिली जानकारी के बाद जारी किया गया है। वहां के मुख्य निर्माण अभियंता ने पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि डैम से पानी छोड़ा जाएगा जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। इससे नदी किनारे बसे गांवों में पानी घुसने की आशंका भी जताई गई है।
प्रशासन की ओर से पहले से ही गांवों को सूचना देकर तैयार रहने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल का नुकसान न हो।

