1000210341

झारखंड में मौसम का बदला मिजाज ! कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाएं और वज्रपात की भी है चेतावनी…

खबर को शेयर करें
1000210341

Jharkhand: झारखंड में मानसून ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है और रविवार 29 जून 2025 को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने गंभीर मौसम अलर्ट जारी करते हुए जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार को झारखंड के कम से कम 17 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इनमें से 12 जिलों में येलो अलर्ट जबकि 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट उन जिलों के लिए है जहां स्थिति अधिक गंभीर हो सकती है।

शनिवार को रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बोकारो, कोडरमा, चतरा और जामताड़ा जैसे जिलों में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिला।

हालांकि यह राहत अस्थायी है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पूर्वी-पश्चिमी मॉनसून ट्रफ के झारखंड से गुजरने के कारण आने वाले दिनों में मौसम और बिगड़ सकता है। इन मौसमी परिस्थितियों का असर अगले एक हफ्ते तक देखने को मिलेगा।

बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात का भी खतरा बना रहेगा। हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। रांची, खूंटी, लोहरदगा, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, पलामू और चतरा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से 3 जुलाई तक झारखंड में लगातार बारिश की संभावना है। विशेषकर दक्षिणी झारखंड सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और खूंटी जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में जलभराव, सड़क बाधा और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

झारखंडवासियों को सलाह दी गई है कि तेज बिजली या हवा के समय खुले में न जाएं खेतों, तालाबों या ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़ा होने से बचें। जब तक आवश्यक न हो घर से बाहर न निकलें। नदियों व जलाशयों का जलस्तर लगातार बढ़ सकता है जिससे हालात और खराब हो सकते हैं।