Mausam Ka Haal: रक्षाबंधन पर झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट,6 जिलों में रेड अलर्ट…

Jharkhand: झारखंड में इस बार मानसून जोर पर है। राजधानी रांची में सिर्फ 68 दिनों में पूरे सीजन की औसत बारिश लगभग पूरी हो गई है। इस बीच मौसम विभाग ने रक्षाबंधन (9 अगस्त) के दिन के लिए विशेष चेतावनी जारी की है।
देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों, खासकर ग्रामीण और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रांची में अब तक 1019.6 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो कि पूरे मानसून की औसत 1023 मिमी के करीब है। पिछले 24 घंटे में गिरिडीह में 115 मिमी बारिश हुई है।
मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी दी है कि खराब मौसम में खेत या खुले स्थानों पर न जाएं, क्योंकि बिजली गिरने का खतरा है। 10 अगस्त को भी रांची और आसपास के इलाकों में तेज बारिश हो सकती है जबकि 11 अगस्त तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
लोगों से अपील है कि पर्व के दौरान यात्रा या बाहरी गतिविधियों से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें।

