WCL 2025: सालों से चला आ रहा भारत-पाक क्रिकेट मैच इस बार रद्द, पाक ने अंक साझा करने से किया इनकार…

Azad Reporter desk: क्रिकेट की दुनिया में जब भी भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आते हैं, तो सिर्फ मैदान ही नहीं बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कनें भी तेज़ हो जाती हैं। लेकिन इस बार वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में होने वाला बहुप्रतीक्षित भारत-पाक मुकाबला आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है।
यह मैच 21 जुलाई को एजबेस्टन, बर्मिंघम (इंग्लैंड) में खेला जाना था लेकिन इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) द्वारा आयोजकों को सूचित किया गया कि वे इस मैच की मेजबानी नहीं कर सकते। आयोजकों ने साफ तौर पर यह भी कहा है कि इस रद्दीकरण में भारतीय टीम की कोई गलती नहीं है।
हालांकि दूसरी ओर पाकिस्तान चैंपियंस की टीम ने इस रद्द मैच के लिए अंक साझा करने से इनकार कर दिया और उन्होंने सीधे तौर पर भारत पर आरोप लगाया कि “भारत ने पीछे हटकर मैच से दूरी बनाई।”
इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की एक अहम वजह माना जा रहा है कि हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाक संबंधों में बढ़े तनाव के चलते भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों जैसे शिखर धवन और सुरेश रैना ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना कर दिया।
यहाँ तक कि मैच को अपने स्कोरबोर्ड पर “Match Cancelled” दिखाया गया है जिससे यह साफ हो गया है कि अब यह मुकाबला इस टूर्नामेंट में नहीं खेला जाएगा।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह किसी झटके से कम नहीं है क्योंकि यह मुकाबला न सिर्फ खिलाड़ियों का बल्कि दो देशों की भावनाओं का टकराव होता है जिसकी सालों से दर्शक प्रतीक्षा करते हैं।
अब देखना होगा कि क्या टूर्नामेंट के सेमीफाइनल या फाइनल मुकाबलों में यह दोनों टीमें फिर से आमने-सामने आ पाती हैं या नहीं।
सबसे बड़ा सवाल क्या आने वाले समय में भारत और पाकिस्तान के बीच करोड़ों क्रिकेट फैंस को कोई भी मुकाबला देखने को मिलेगा?

