1000205215

चांडिल डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर,खोले गए 10 फाटक, तटीय इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा…

खबर को शेयर करें
1000205215

Jamshedpur news: झारखंड में लगातार बारिश के चलते चांडिल डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह 8 बजे डैम का जलस्तर 182.62 मीटर दर्ज किया गया। हालात को देखते हुए डैम के 10 गेट खोल दिए गए हैं जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।

डैम से करीब 3109 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है जिसमें से 3094.63 क्यूमेक्स रेडियल गेट से और 14.37 क्यूमेक्स रिवर स्लुइस से छोड़ा जा रहा है। वहीं नहर से पानी का डिस्चार्ज फिलहाल शून्य है। डैम में पानी का बहाव तेज होने की वजह से ऊपर बनी सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।

स्वर्णरेखा और खरकई नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके चलते कदमा, शास्त्रीनगर, बागबेड़ा, बाबूडीह, सोनारी और मानगो जैसे निचले इलाकों में पानी भर गया है। कई घरों और सड़कों पर बाढ़ का पानी घुस चुका है जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। रमेश महतो नामक एक निवासी ने कहा कि हर साल बारिश में यही हालत होती है लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। कई लोग अपने घर छोड़कर शरण स्थलों में रहने को मजबूर हैं। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है और लोगों का सामान बर्बाद हो रहा है।

स्थानीय महिला सुनीता देवी ने बताया “पिछले साल भी हमारा घर पानी में डूब गया था इस बार फिर वही स्थिति बन गई है। सरकार को अब इसका स्थायी समाधान निकालना चाहिए।”मौसम विभाग ने आगामी घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।