शराब पार्टी का वीडियो वायरल: रनिंग रूम में शराब पीते पकड़े गए लोको पायलट और शंटर, DRM ने किया सस्पेंड…

Jharkhand: चक्रधरपुर रेल मंडल के सरडेगा रनिंग रूम में लोको पायलट और शंटर की शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण हुरिया ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लोको पायलट दिवाकर कुमार और शंटर लोरे सिंह मुंडा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में दोनों रेलकर्मी रेलवे के रनिंग रूम में नियमों को ताक पर रखकर शराब पीते नजर आ रहे हैं। मामले की जानकारी ट्वीट के जरिए रेल प्रशासन को दी गई थी जिसके बाद कार्रवाई हुई। बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच आरपीएफ और विभागीय टीम दोनों कर रही हैं।
रेल अधिकारियों के अनुसार शराब कांड में शामिल अन्य कर्मचारियों की पहचान की जा रही है। निलंबित लोको पायलट दिवाकर कुमार दक्षिण पूर्व रेलवे की मान्यता प्राप्त यूनियन से भी जुड़ा हुआ है। यह पूरा मामला सरडेगा स्थित एमसीएल रनिंग रूम का है जहां रेलकर्मियों ने सेफ्टी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं।
गौर करने वाली बात यह है कि दो दिन पहले ही DRM तरुण हुरिया ने झारसुगुड़ा लॉबी और रनिंग रूम का निरीक्षण किया था जिसमें वे बेहद नाराज नजर आए थे। उन्होंने सीनियर डीईई (ओपी) एसके मीना को फटकार लगाई थी और सीसीसी हरिहरा स्वायं को बदलने तक के आदेश दिए थे।
रेल कर्मचारियों ने बताया कि दिवाकर कुमार को पहले आगजनी की घटना के बाद केयरटेकर के पद से हटाया गया था लेकिन उसे झारसुगुड़ा में ही बनाए रखा गया। यहां भी उसकी ड्यूटी केवल नन-रन में ही बुक की जाती थी और उसे सिर्फ दो रूट पर भेजा जाता था, जबकि अन्य पायलट चार रूट पर काम करते हैं।
यह घटना न सिर्फ रेलवे के अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है बल्कि यह भी दिखाती है कि कुछ कर्मचारी किस हद तक लापरवाह हो सकते हैं।


