झारखंड में वंदे भारत पर फिर हमला, चक्रधरपुर रेल मंडल में पत्थरबाजी से शीशे टूटे, यात्रियों में दहशत…

खबर को शेयर करें
1000198830

Jharkhand: चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बुधवार को सामने आया जब राउरकेला से पुरी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (20835) पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जोरदार पत्थरबाजी की। इस हमले में कोच संख्या C3 की सीट नंबर 40, 41, 42 के पास शीशे चकनाचूर हो गए, जिससे यात्रियों में अफरातफरी और दहशत फैल गई।

घटना दोपहर करीब 2:20 बजे की है जब ट्रेन पानपोस और कलुंगा स्टेशन के बीच से गुजर रही थी। ट्रेन अभी राउरकेला से महज 10 किलोमीटर ही आगे बढ़ी थी कि पत्थरबाजी शुरू हो गई।

हालांकि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से यात्रियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी वंदे भारत ट्रेनों पर बार-बार पत्थरबाजी की खबरें आती रही हैं खासकर चक्रधरपुर रेल मंडल में। असामाजिक तत्व खासतौर पर वंदे भारत को ही निशाना बना रहे हैं जो चिंता का विषय है।

आरपीएफ और जीआरपी की तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक किसी भी पत्थरबाज को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे उनके हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और आए दिन ट्रेनों पर हमले हो रहे हैं।

यात्रियों का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती और निगरानी नहीं बढ़ाई जाती तब तक यह खतरा बना रहेगा। वंदे भारत जैसी हाई-प्रोफाइल ट्रेनों पर बार-बार इस तरह के हमले सुरक्षा व्यवस्था और सरकार की यात्री सुरक्षा नीति पर गंभीर सवाल उठाते हैं।