1000230252

Uttar Pradesh: हापुड़ में बारिश का कहर: कमजोर बीम टूटने से मकान गिरा, मलबे में दबकर 9 साल की बच्ची की मौत, 5 लोग गंभीर रूप से घायल…

खबर को शेयर करें
1000230252

Azad Reporter desk: हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भीकनपुर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश और मकान की कमजोर बीम टूटने की वजह से एक कच्चा मकान अचानक गिर गया। इस हादसे में एक 9 साल की बच्ची की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित परिवार के मुखिया शहजाद अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहा था। उसके घर की दीवारें और बीम मिट्टी से बनी थीं। शुक्रवार दोपहर वह घर पर ही था। उसकी पत्नी फरहाना (30), बेटियां माहिम (6) और रिदा (4) भी वहीं थीं। इसी दौरान पड़ोस की दो बच्चियां मनान की बेटी नमरा उर्फ निमरा (9) और यासीन की बेटी अर्शी (10) उनके घर खेलने आ गईं।

कुछ देर बाद अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश की वजह से मकान की एक कमजोर बीम टूट गई और पूरा मकान ढह गया। उस समय घर में शहजाद, उसकी पत्नी, दोनों बेटियां और दोनों पड़ोसी बच्चियां मौजूद थीं। ये सभी मलबे में दब गए।

हादसे के तुरंत बाद गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया और सभी को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन इलाज के दौरान 9 साल की नमरा की मौत हो गई। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है।

प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। यह हादसा जर्जर मकानों और लगातार बारिश के कारण पैदा हो रहे खतरों की एक बड़ी चेतावनी है।