1000219041

UP: बिजनौर में बड़ा हादसा! अनियंत्रित होकर पलटी स्कूल बस, 25 बच्चे घायल, शिक्षिका समेत 5 की हालत गंभीर…

खबर को शेयर करें
1000219041

Azad Reporter desk: बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सनसाइन पब्लिक स्कूल की एक बस बच्चों को स्कूल ले जा रही थी तभी चौहड़वाला गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 25 बच्चे घायल हो गए जिनमें से शिक्षिका समेत पांच बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार स्कूल बस चालक रवि कालागढ़ से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। जैसे ही बस चौहड़वाला गांव के पास पहुंची तभी एक ई-रिक्शा अचानक सामने आ गया। रिक्शा को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के तुरंत बाद बस में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत सभी बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया जहां से गंभीर रूप से घायल शिक्षिका और चार बच्चों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गंभीर रूप से घायल लोगों में शिक्षिका 25 वर्षीय निधि (निवासी मीरापुर), छात्र 12 वर्षीय दक्ष (बनियावाला), 14 वर्षीय रघुवीर (मीरापुर), 14 वर्षीय प्रभदीप कौर (मीरापुर), और 14 वर्षीय शुभ (भिक्कावाला) शामिल हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। बस चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय प्रशासन से मांग की जा रही है कि स्कूली वाहनों की जांच और निगरानी को और सख्त किया जाए ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।