आदित्यपुर टोल प्लाजा के पास बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त, लोगों का सड़क पर हंगामा…

Seraikela-Kharsawan: रविवार रात करीब 9:20 बजे सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर टोल प्लाजा के पास गम्हरिया की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक चार गाड़ियों को टक्कर मारते हुए हाई टेंशन बिजली के पोल से जा भिड़ा। हादसे में हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को बंधक बना कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिस को भी भीड़ का विरोध झेलना पड़ा।
रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति पर काबू पाया। फिलहाल सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

