गालूडीह में टाटा मैजिक से टकराई अनियंत्रित बाइक, हलुदबनी का युवक गंभीर रूप से घायल…

Jamshedpur news : गुरुवार को गालूडीह-नरसिंहपुर मार्ग पर जोड़सा गांव के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गैस सिलेंडर से लदे टाटा मैजिक वाहन से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान हलुदबनी गांव निवासी कुनु मार्डी के 18 वर्षीय पुत्र शक्ति पद मार्डी के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शक्ति पद गालूडीह से अपने गांव हलुदबनी लौट रहा था तभी जोड़सा के पास यह दुर्घटना घटी। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने उसे पास के निरामय हेल्थकेयर अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. स्वपन महतो ने बताया कि युवक फिलहाल बेहोश है और उसे गंभीर चोटें आई हैं। बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर किया गया है लेकिन अब तक परिजन उसे आगे के इलाज के लिए नहीं ले गए हैं।

