आदित्यपुर में ट्रक चोरी कर लगाई आग, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी…

Jharkhand: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में ट्रक चोरी कर उसे आग के हवाले करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यह घटना तब चर्चा में आई जब ट्रक मालिक शंकर चौपाल ने इसे एक साजिश बताते हुए आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात शंकर चौपाल का ट्रक श्रीडुंगरी टोल ब्रिज के पास पार्किंग में खड़ा था। गुरुवार सुबह चौका थाना से सूचना मिली कि लखना सिंह घाटी में एक ट्रक जल रहा है। जब शंकर मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अपने ही ट्रक को जलता हुआ पाया।
टोल प्लाजा पर लगे CCTV फुटेज ने मामले की सच्चाई सामने ला दी। फुटेज में साफ देखा गया कि दो लोग ट्रक को लेकर घाटी की ओर जाते हैं। इनकी पहचान ओमप्रकाश महतो और नकुल साव के रूप में हुई है। प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि इन दोनों ने पहले ट्रक में आग लगाने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला एक सामान्य हादसा नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश का संकेत दे रहा है जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।

