पलामू में दर्दनाक सड़क हादसा: धान की रोपनी को जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप वैन डिवाइडर से टकराई, 3 की मौत, 29 घायल…

Jharkhand: झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा कउवल के पास एनएच-98 पर हुआ जब मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि 29 लोग घायल हो गए। पिकअप में कुल 30 लोग सवार थे, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार गढ़वा के रंका और रमकंडा इलाकों से मजदूरों का जत्था धान की रोपनी के लिए बिहार के सासाराम जा रहा था। इसी दौरान छतरपुर के कउवल इलाके में हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलट गई और कई मजदूर उसमें फंस गए।
हादसे में जिन तीन मजदूरों की मौत हुई उनकी पहचान राजू भुइयां (सिगसिगा कला, गढ़वा), गुड्डू राम (कंचनपुर, रंका), और पूरण भुइयां (सिगसिगा, रंका) के रूप में हुई है। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक की मौत इलाज के दौरान मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में हुई।
घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया फिर गंभीर हालत देखते हुए उन्हें एमएमसीएच रेफर किया गया। अस्पताल में बिजली नहीं होने के कारण डॉक्टरों को टॉर्च की रोशनी में घायलों का इलाज करना पड़ा।
घायल मजदूरों ने आरोप लगाया है कि पिकअप चालक शराब के नशे में था इसी कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

