1000251219

झारखंड के चतरा में दर्दनाक घटना : सड़क नहीं होने पर पिता ने बेटे का शव 4 किलोमीटर कंधे पर ढोया…

खबर को शेयर करें
1000251219

Jharkhand: झारखंड के चतरा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। प्रतापपुर प्रखंड के कुब्बा गांव में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी ने एक पिता को मजबूर कर दिया कि वह अपने आठ वर्षीय बेटे का शव कंधे पर रखकर करीब चार किलोमीटर पैदल एम्बुलेंस तक ले जाए।

पूरी घटना ये है कि कुब्बा गांव निवासी भोला गंझू का बेटा अजय कुमार अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कुब्बा गांव दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगलों में बसा है जहां अब तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है। एम्बुलेंस गांव तक नहीं जा पाई और मुख्य सड़क योगीयारा पर ही रुक गई। मजबूरी में पिता भोला गंझू को अपने बेटे का शव कंधे पर उठाकर चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।

यह घटना न केवल लोगों की आंखें नम कर देने वाली है बल्कि झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को भी उजागर करती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण हर बार उन्हें ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है।