मुंबई के बांद्रा में दर्दनाक हादसा!! सिलेंडर ब्लास्ट से तीन मंजिला चॉल ढही, मलबे में फंसे 10 लोग, 7 को बचाया गया…

Azad Reporter Desk: मुंबई के बांद्रा इलाके में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भारत नगर स्थित तीन मंजिला चॉल नंबर 37 अचानक ढह गई। यह हादसा सुबह करीब 5 बजकर 56 मिनट पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चॉल के गिरने की वजह सिलेंडर ब्लास्ट बताई जा रही है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस हादसे में करीब 10 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। बचाव कार्य तेजी से जारी है। मौके पर दमकल विभाग की 8 गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और लगातार राहत-बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए टीमें दिन-रात जुटी हैं। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए हैं। बीएमसी की स्थानीय टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और हालात पर नजर बनाए हुए है।
हादसे के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है। आसपास रहने वाले लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इस कठिन समय में स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि मुंबई में जर्जर और पुरानी इमारतों की समय पर मरम्मत क्यों नहीं की जाती। यह घटना सिर्फ एक दुर्घटना नहीं बल्कि एक चेतावनी है कि अब समय आ गया है जब पुराने मकानों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम उठाए जाएं।
फिलहाल सभी की नजरें राहत-बचाव कार्य पर टिकी हैं और सभी की दुआएं मलबे में फंसे लोगों की सलामती के लिए हैं।


