1000254745

झारखंड में मूसलाधार बारिश का कहर: तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी…

खबर को शेयर करें
1000254745

Jharkhand: झारखंड में बारिश का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। खास तौर पर 7 अगस्त को चतरा, पलामू और गढ़वा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। इन जिलों में तेज हवाएं चलने और जनजीवन प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा कोल्हान और संताल परगना के सभी जिलों में 7 से 9 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से लगातार अपडेट दिए जा रहे हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

इन जिलों में भी हो सकती है भारी बारिश!!
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

बांग्लादेश के उत्तरी हिस्से और आसपास के क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अगले चार दिनों तक झारखंड के मौसम पर पड़ेगा जिससे बारिश और अधिक तेज हो सकती है।

मानसून में रिकॉर्डतोड़ बारिश!!

मौजूदा मानसून सीजन में झारखंड के चार जिलों रांची, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और लातेहार में अब तक 1000 मिमी से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इससे पिछले 13 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। वहीं पांच अन्य जिलों में 900 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है जिससे यह मानसून सीजन ऐतिहासिक बन गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाएं बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करें।