सरायकेला में मूसलधार बारिश से जनजीवन बेहाल, इमली चौक के पास कच्चा मकान गिरा, बड़ा हादसा टला…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले की दोनों प्रमुख नदियां स्वर्णरेखा और खरकई एक बार फिर खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं।
कपाली नगर परिषद क्षेत्र की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है जैसे पूरा इलाका जल से घिरा कोई टापू बन गया हो। खासकर रहमत नगर क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है जो पूरी तरह जलमग्न हो चुका है।
इधर बुधवार की सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब इमली चौक के समीप स्थित अलबेला गार्डन इलाके में पिंटू महतो का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त घर के सभी सदस्य बगल के कमरे में सो रहे थे जिससे कोई घायल नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के चलते मकान की दीवारें काफी कमजोर हो गई थीं। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके के अन्य जर्जर कच्चे मकानों की तुरंत जांच कराई जाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्यों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

