Aaj ka Mausam! झारखंड के 8 जिलों में है येलो अलर्ट, 12 जिलों में अचानक बाढ़ की आशंका…

Jharkhand: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल के अनुसार अगले 24 घंटे झारखंड के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
रांची स्थित मौसम केंद्र और फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने झारखंड के 12 जिलों में अचानक बाढ़ की आशंका जताई है। इनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और बोकारो शामिल हैं। इन जिलों में बहने वाली नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। यह चेतावनी 7 जुलाई की शाम 5:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है।
यह चेतावनी सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्यप्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में भी बाढ़ की आशंका जताई गई है। लगातार बारिश और मानसून ट्रफ की सक्रियता के कारण इन राज्यों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश लातेहार के चंदवा क्षेत्र में 90.2 मिमी दर्ज की गई। डालटनगंज में 19.6 मिमी और गोड्डा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री रहा जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
झारखंड में इस समय मौसम गंभीर बना हुआ है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें, मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और सुरक्षित स्थानों पर रहें खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोग।

