2800 करोड़ रुपये की ठगी का मास्टरमाइंड है ये BSP नेता, हर महीने 9 हजार देने का था वादा, 7 राज्यों में 2 लाख लोगों को ऐसे ठगा…

Azad Reporter desk: छत्तीसगढ़ पुलिस ने 2800 करोड़ रुपये की ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। बाइक बोट स्कीम के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना और पूर्व बीएसपी नेता संजय भाटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ करणपाल सिंह और राजेश भारद्वाज को भी पकड़ा गया है।
यह ठगी वर्ष 2017 में शुरू हुई थी, जब मेसर्स गर्विट इनोवेटिव प्रमोटर्स लिमिटेड नाम की कंपनी ने “बाइक बोट स्कीम” लॉन्च की। इस स्कीम में लोगों से प्रति बाइक ₹62,100 निवेश करवाया गया और बदले में हर महीने ₹9,765 कमाई देने का वादा किया गया।
पीड़ितों को बताया गया था कि वे कंपनी में निवेश कर बाइक बोट टैक्सी से कमाई कर सकते हैं। कंपनी ने शुरू में 4-6 महीने तक कुछ निवेशकों को पैसा लौटाया भी, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा। बाद में कंपनी ने पैसा देना बंद कर दिया और डायरेक्टर फरार हो गए। जब लोग संपर्क करने लगे तो उनके फोन बंद मिले। धीरे-धीरे यह सामने आया कि यह पूरी योजना एक बड़ा फर्जीवाड़ा थी।
सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, हरियाणा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश सहित कुल 7 राज्यों में करीब 2 लाख लोगों से ठगी की गई। रायपुर में ही 32 से ज्यादा लोगों से करीब ₹76 लाख की ठगी हुई।
इस घोटाले का मास्टरमाइंड संजय भाटी बहुजन समाज पार्टी (BSP) का नेता रहा है। साल 2018 में कंपनी से इस्तीफा देने के बाद उसने बसपा ज्वाइन की और 2019 में गौतम बुद्ध नगर से लोकसभा प्रभारी भी बनाया गया।
2019 में रायपुर के सिविल लाइन थाना में अखिल कुमार बिसोई नामक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। रायपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच की और पता चला कि आरोपी पहले से ही राजस्थान की भरतपुर और जयपुर जेल में बंद हैं। कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लेकर रायपुर पुलिस की टीम ने उन्हें रिमांड पर लिया।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी इस मामले में संजय भाटी और अन्य आरोपियों की संपत्तियां जब्त की हैं। पुलिस अब इस ठगी से जुड़े और लोगों की पहचान करने में जुटी है ताकि सभी पीड़ितों को न्याय मिल सके।
आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्कीम में निवेश करने से पहले पूरी जानकारी जरूर लें।


