1000209334

दुरंतो एक्सप्रेस में आधी रात चोरों का आतंक!! मोबाइल और कीमती सामान लूटकर फरार, यात्रियों में दहशत…

खबर को शेयर करें
1000209334

Azad Reporter desk: बिहार में एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। आनंद विहार से भुवनेश्वर जा रही दुरंतो एक्सप्रेस में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। यह घटना गया-डीडीयू रेलखंड के परैया और कष्टा स्टेशनों के बीच हुई जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, कोच संख्या B1, B2 और S4 में सवार यात्रियों का मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरों ने बड़ी चालाकी से चुरा लिया। घटना रात करीब 1:05 बजे की है जब अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे।

चश्मदीद यात्रियों के अनुसार चोरों ने ट्रेन को बीच रास्ते में वैक्यूम ब्रेक खींचकर जबरन रोका और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि 2 से 4 चोर ट्रेन से उतरकर भाग निकले।

वारदात के बाद घबराए यात्रियों ने तुरंत रेल सहायता सेवा पर शिकायत दर्ज कराई। गुस्साए यात्रियों ने ट्रेन को रोका और हंगामा किया जिससे ट्रेन का परिचालन प्रभावित हुआ और वह करीब 40 मिनट देरी से आगे बढ़ सकी।

गया पहुंचने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा
जब ट्रेन गया जंक्शन पहुंची तो जीआरपी सर्किल इंस्पेक्टर सुशील कुमार सिंह ने मोर्चा संभाला और पीड़ित यात्रियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।

घटना के बाद आरपीएफ रफीगंज और रेल थाना गया की टीम ने संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान 4 से 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

रेल प्रशासन से यात्रियों ने मांग की है कि रात के समय ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाई जाए और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए।