सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को रहेगा हलचल, बिहार के SIR, जस्टिस वर्मा और BS-6 वाहनों पर होगी अहम सुनवाई…

Azad Reporter desk: सुप्रीम कोर्ट में सोमवार का दिन काफी अहम रहने वाला है। अदालत में कई बड़े मामलों पर सुनवाई होगी जिनमें बिहार की विशेष सघन मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया, इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज यशवंत वर्मा के खिलाफ आरोप और BS-6 मानक वाले वाहनों की सीमा से जुड़े मामले प्रमुख हैं।
सबसे महत्वपूर्ण मामला बिहार में चल रही SIR प्रक्रिया का है। कोर्ट की इस सुनवाई से तय होगा कि राज्य में यह प्रक्रिया जारी रहेगी या उस पर रोक लगेगी। पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रक्रिया को रोकने से इनकार किया था लेकिन चुनाव आयोग से कई सवाल पूछे थे।
इसके अलावा इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज यशवंत वर्मा के घर नकदी मिलने के मामले में दाखिल याचिकाओं पर भी सुनवाई होगी। इनमें एक याचिका आंतरिक जांच रिपोर्ट को चुनौती देती है जबकि दूसरी याचिका इस मामले में एफआईआर दर्ज करने और जांच कराने की मांग करती है।
बीएस-6 वाहनों की उम्र सीमा तय करने को लेकर भी सुनवाई होगी। लाखों वाहन मालिक इस फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
चुनाव आयोग 1 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेगा। इसी वजह से कोर्ट ने यह सुनवाई 28 जुलाई को तय की थी ताकि ड्राफ्ट सूची जारी होने से पहले स्थिति साफ हो सके।
इस मामले में कई विपक्षी दलों के नेताओं और संगठनों ने याचिकाएं दाखिल की हैं। चुनाव आयोग ने अपने जवाब में कहा है कि SIR से मतदाता सूची शुद्ध होती है और यह किसी के मौलिक अधिकार का उल्लंघन नहीं है।
अब देखना होगा कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट इन मामलों में क्या रुख अपनाता है।


