टाटानगर स्टेशन पार्किंग में दबंगई का आतंक, यात्रियों से वसूली, रेलवे और नेताओं की चुप्पी पर उठ रहे है सवाल…

Azad Reporter desk: टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग इन दिनों यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। यहां हर दिन दबंगई और वसूली की घटनाएं हो रही हैं लेकिन रेलवे प्रशासन, RPF और जीआरपी पूरी तरह चुप हैं।
यात्रियों का आरोप है कि पार्किंग का नया ठेका मिलने के बाद से स्थिति और बिगड़ गई है। ठेकेदार की दबंग टीम आए दिन लोगों को धमकाती है और रात के समय 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक वसूली करती है। स्टेशन परिसर में गाड़ी लाने पर जबरन पर्ची थमाई जाती है और पैसे की मांग की जाती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिलाओं को लाने वाले लोगों के साथ तो बदसलूकी तक की जाती है। इन घटनाओं से आम यात्रियों में डर का माहौल है।
पार्किंग का ठेका राजीव राम नामक व्यक्ति के पास है जो पहले आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। आरोप है कि उसी के इशारे पर पार्किंग में दबंगई का खेल चल रहा है।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर रेलवे प्रशासन और नेताओं की चुप्पी क्यों है? क्या केवल पैसे की कमाई के चक्कर में यात्रियों को परेशान होने के लिए छोड़ दिया गया है?
पिछले दिनों पोटका विधायक संजीव सरदार ने इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन अब उनकी आवाज भी थम गई है। फिलहाल आम जनता और यात्री ही इस दबंगई का खामियाजा भुगत रहे हैं।

