सड़क तो है लेकिन पुल नहीं! गर्भवती महिला को खटिया पर लादकर नदी पार कराना पड़ा…

Jharkhand: सरकार गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाने की बात कर रही है लेकिन जमीनी हकीकत आज भी चौंकाने वाली है। खूंटी जिले के अड़की प्रखंड के तोडांग पंचायत के सूत्रीकोलोम गांव में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर खटिया पर लादकर नदी पार कराना पड़ा, क्योंकि वहां सड़क तो है लेकिन पुल आज तक नहीं बना।
सुकरु कुमारी नाम की गर्भवती महिला को तेज दर्द उठा तो पति बिरसा नाग और गांववालों ने मिलकर उसे चारपाई पर लिटाया। दोनों किनारों पर पक्की सड़क होने के बावजूद पुल नहीं होने की वजह से ग्रामीणों को महिला को खटिया पर उठाकर तेज बहाव वाली और पथरीली नदी पार करनी पड़ी। चार लोगों ने कंधे पर खटिया उठाकर नदी पार की और ममता वाहन तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अड़की ले जाया गया।
गांववालों का कहना है कि सरकार ने सड़क बना दी लेकिन पुल न होने की वजह से उनका संघर्ष खत्म नहीं हुआ। सूत्रीकोलोम, फटका, नीचे मालुटी और कसमार जैसे कई गांवों में यही हाल है। गर्भवती महिलाएं हों या गंभीर मरीज उनके लिए आज भी खटिया ही एम्बुलेंस है और नदी की तेज धार उनके जीवन की सबसे बड़ी चुनौती।

