चोरी का खुलासा : जुगसलाई पुलिस ने चुराए गए गहनों के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार…

Jamshedpur news: जुगसलाई थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चुराए गए गहनों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जुगसलाई हबीबनगर गौरीशंकर रोड निवासी अजहर अली उर्फ पोट्रो के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सुमन देवी नामक महिला जो जुगसलाई स्थित सेंट जॉन स्कूल के पास शिवघाट इलाके में रहती हैं उनके घर में चोरी की घटना हुई थी। चोर घर में घुसकर सोने और चांदी के कीमती आभूषण चुरा ले गया था। इस मामले में पीड़िता द्वारा जुगसलाई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी गए सारे गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

