जमशेदपुर में दिनदहाड़े चोरी: एसएसपी आवास के करीब से नई मोटरसाइकिल चोरी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में अपराधी अब कानून के रखवालों के करीब भी बेखौफ हो चले हैं। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस एरिया में SSP आवास से महज 200 मीटर दूर एक नई हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई। यह घटना दिनदहाड़े हुई और इसका पूरा वीडियो भी सामने आया है।
चोरी गई मोटरसाइकिल दीपक ठाकुर की है जो मानगो शंकोसाई के रहने वाले दिलीप ठाकुर के छोटे भाई हैं। पीड़ित ने बिष्टुपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि थानेदार अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं जिसकी वजह से शहर में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और वे एसएसपी आवास के पास भी चोरी जैसी घटनाएं कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है लेकिन इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

