जमशेदपुर के मानगो में मकान का दीवार ढहा, मकान मालिक समेत स्थानीय लोगों को भी हो रही है परेशानी…

Jamshedpur news:मानगो नगर निगम अंतर्गत बारिश ने लोगों की परेशानी काफी बढ़ा दी है। रोड नंबर 15 जाकिर नगर और बगानसाही रोड नंबर 9 के बीच ईदगाह मैदान के सामने बने नाले की बाउंड्री जो कई साल पहले बनाई गई थी करीब 20–25 दिन पहले धंस गई।

और अब इसका असर आसपास के घरों पर दिखने लगा है।सोमवार को नाले से सटे आबिद हुसैन के घर की दीवार भी गिर गई। इससे स्थिति काफी बिगड़ गई है क्योंकि बाउंड्री टूटने से नाले का पानी अब सीधे आसपास के घरों में घुसने लगा है जिससे जलजमाव की स्थिति बन गई है।

स्थानीय लोगों की शिकायत पर मानगो नगर निगम की टीम आई और साफ़ सफाई के नाम पर उन्होंने सिर्फ टूटी हुई बाउंड्री के ईंट-पत्थर निकालकर सड़क पर रख दिए। नतीजा यह हुआ कि अब यहां आवागमन भी मुश्किल हो गया है। बच्चों की स्कूल वैन तक को रास्ता पार करने में दिक्कत हो रही है।

हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। मगर अब लोगों की साफ मांग है कि नगर निगम तुरंत इस समस्या का समाधान करे ताकि उनको इन परेशानियों से छुटकारा मिल सके।


