जमशेदपुर में डेंगू का बढ़ता खतरा बढ़ा!! लक्षण पहचानें और बचाव के ये उपाय अपनाएं…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में डेंगू ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज की ताजा रिपोर्ट में गुरुवार को 5 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है जबकि 7 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इस साल अब तक कुल 14 डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं।
डेंगू के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने सभी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि जैसे ही कोई संदिग्ध मरीज सामने आए, तुरंत विभाग को जानकारी दें। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल और मानगो के गुरुनानक अस्पताल में चल रहा है।
पांच मरीजों में से चार छोटा गोविंदपुर के शेषनगर और बालाजी नगर से हैं जबकि एक बिरसानगर से है। इन इलाकों में गंदगी और जलजमाव की वजह से मच्छर पनपने की शिकायतें हर साल मिलती हैं।
डेंगू के बीते सालों के आंकड़े काफी डराने वाले हैं और 2025 में अब तक लगभग 14 केस सामने आए है।
जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि हर साल गोविंदपुर जैसे इलाके डेंगू के केंद्र बनते हैं लेकिन विभाग समय रहते कार्रवाई नहीं करता। इस बार भी लोग बीमार हो रहे हैं तब जाकर छिड़काव और सफाई शुरू हो रही है।
डेंगू क्या है और कैसे फैलता है?
डेंगू एक वायरल बीमारी है जो एडीज एजिप्टाई मच्छर के काटने से होती है। ये मच्छर दिन में काटता है और साफ पानी में पनपता है जैसे कूलर, टायर, गमले में जमा पानी।
डेंगू के लक्षण:
•तेज बुखार
•सिर दर्द और आंखों के पीछे दर्द
•मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द
•उल्टी और थकावट
•त्वचा पर लाल चकत्ते
•प्लेटलेट्स की संख्या में गिरावट
डेंगू का कोई खास इलाज नहीं है। पैरासिटामोल दी जाती है और मरीज को आराम व तरल पदार्थ लेने की सलाह दी जाती है। एस्पिरिन और ब्रूफेन नहीं लेनी चाहिए। प्लेटलेट्स पर लगातार नजर रखना जरूरी है।
डेंगू से बचाव के उपाय:
•घर और आसपास साफ-सफाई रखें
•कूलर, गमले, टायर आदि में पानी जमा न होने दें
•पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें
•मच्छरदानी और मच्छर भगाने वाले साधनों का प्रयोग करें
•एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराएं
Note: डेंगू से बचाव ही सबसे बेहतर उपाय है इसलिए सतर्क रहें और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

