1000242213

जमशेदपुर में फिर गूंज सकती है इंटरनेशनल क्रिकेट की आवाज़, पटमदा में स्टेडियम के लिए 49.50 एकड़ जमीन तय…

खबर को शेयर करें
1000242213

Jamshedpur news: लगभग 19 साल बाद जमशेदपुर में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी की उम्मीदें जग गई हैं। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन ने पटमदा अंचल के गांगाड़ा गांव में 49.50 एकड़ जमीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के लिए चिन्हित कर ली है। यह जगह शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर है और स्टेट हाइवे से जुड़ी हुई है।

हाल ही में JSCA के सचिव और पूर्व क्रिकेटर सौरव तिवारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। इसके बाद उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने पटमदा, पोटका और जमशेदपुर के आसपास कई जगहों का निरीक्षण किया। अंत में गांगाड़ा गांव को सबसे उपयुक्त माना गया।

इस परियोजना में स्टेडियम का निर्माण JSCA करेगा जबकि सड़कों और बाकी आधारभूत सुविधाओं का काम जिला प्रशासन देखेगा। जमीन को पहले खेलकूद विभाग को सौंपा जाएगा उसके बाद यह तय होगा कि JSCA को जमीन मुफ्त दी जाएगी या कुछ शुल्क लेकर।

अगर जमीन का हस्तांतरण हो जाता है तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वादा किया है कि स्टेडियम निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में 1983 से 2006 के बीच 10 वनडे मैच खेले गए थे। आखिरी मैच 12 अप्रैल 2006 को भारत और इंग्लैंड के बीच हुआ था। उसके बाद टाटा स्टील और JSCA के विवाद के कारण यहां कोई भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं हुआ।

अगर पटमदा में नया स्टेडियम बनता है तो जमशेदपुर फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी कर सकेगा। इससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि भूमि चिन्हित कर सरकार को रिपोर्ट भेज दी गई है और जल्द ही इसे खेल विभाग को सौंप दिया जाएगा।