1000230877

बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की शर्मनाक हकीकत! कुत्ते ने बच्ची को काटा, 60 किमी तक वैक्सीन के लिए भटकी मां, AIIMS ने भी लौटाया…

खबर को शेयर करें
1000230877

Azad Reporter desk: बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है जहां एक 9 साल की बच्ची को कुत्ते ने काट लिया लेकिन उसे समय पर एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं मिल सकी। बच्ची की मां करीब 60 किलोमीटर तक भटकती रही लेकिन हर अस्पताल से उसे निराशा ही हाथ लगी।

घटना पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र की है जहां शुक्रवार दोपहर एक आवारा कुत्ते ने एक नौ वर्षीय बच्ची को काट लिया। बच्ची की मां सुरुचि कुमारी ने बताया कि वह तुरंत दोपहर 12 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंचीं जहां डॉक्टर ने एंटी रैबीज वैक्सीन (ARV) की सलाह दी।

नर्सिंग स्टाफ से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि वैक्सीन खत्म हो चुकी है और एम्स (AIIMS) पटना जाने की सलाह दी गई। किसी तरह बच्ची की मां अपनी बेटी को लेकर शाम 4 बजे एम्स पहुंचीं लेकिन वहां भी उन्हें शनिवार को आने को कहा गया।

बच्ची की हालत बिगड़ती जा रही थी लेकिन सरकारी सिस्टम की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही थी। महिला शाम 7 बजे तक एम्स में भटकती रहीं जब कोई समाधान नहीं निकला तो उन्होंने दैनिक जागरण से संपर्क किया।

इसके बाद उन्हें न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल (आयकर गोलंबर) भेजा गया जहां 24 घंटे एआरवी वैक्सीन दी जाती है। आखिरकार रात 9 बजे बच्ची को वैक्सीन मिल सकी।

इस पूरी घटना ने न सिर्फ सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है बल्कि यह भी सवाल उठाता है कि जब जिला प्रशासन दावा करता है कि सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मौजूद है तो फिर एक माँ और उसकी बच्ची को यूं दर-दर क्यों भटकना पड़ा?

सिविल सर्जन डॉ. अविनाश कुमार सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने दावा किया है कि जिले के सभी अस्पतालों में पर्याप्त वैक्सीन मौजूद है और यह देखा जाएगा कि बाढ़ पीएचसी में वैक्सीन क्यों नहीं दी गई।