1000247048

नहीं थमने का नाम ले रहा है टाटानगर स्टेशन पार्किंग विवादों का सिलसिला!! अब पार्सल पार्किंग में उपमुखिया से मारपीट, रेल प्रशासन मौन…

खबर को शेयर करें
1000247048

Jamshedpur news: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग को लेकर विवाद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। चाईबासा बस स्टैंड के पास शुल्क वसूली को लेकर मचे हंगामे का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को पार्सल पार्किंग क्षेत्र में नया विवाद खड़ा हो गया।

जानकारी के अनुसार कीताडीह के उपमुखिया और टाटानगर स्टेशन के पार्सल एजेंट मैनुल खान ने अपनी स्कूटी पार्सल पार्किंग क्षेत्र के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान पार्सल पार्किंग के कर्मचारियों ने उनसे जबरन बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि गाली-गलौज और हाथापाई तक बात पहुंच गई। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर अन्य पार्सल एजेंट और कर्मचारी भी पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

मैनुल खान का आरोप है कि विवाद के दौरान पार्सल पार्किंग के कर्मचारी नशे की हालत में थे और वहीं मौजूद ठेकेदार ने उन्हें रोकने की कोई कोशिश नहीं की। घटना के बाद उन्होंने RPF में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना से स्टेशन के पार्सल एजेंटों और कर्मचारियों में काफी नाराज़गी है।

इधर हाल के दिनों में स्टेशन परिसर और आसपास वाहन चालकों से जबरन शुल्क वसूली की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। इसी कारण स्टेशन के आउट गेट पर RPF जवानों की तैनाती की गई है ताकि कोई भी पार्किंग कर्मचारी जबरन वसूली न कर सके।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले नए पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ चाईबासा बस स्टैंड पर खड़े वाहनों से वसूली को लेकर शिकायतें जिला पुलिस मुख्यालय तक पहुंची थीं। इस मामले में बागबेड़ा थाने में पार्किंग ठेकेदार समेत अन्य के खिलाफ मामला भी दर्ज हो चुका है।

स्टेशन परिसर में लगातार बढ़ रहे विवादों के बीच रेल प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।