एक के बाद एक गिर रही हैं सरकारी स्कूलों की छतें!! राजस्थान के बाद मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूल की गिरी छत, बाल-बाल बचे 33 बच्चे…

Azad Reporter desk:राजस्थान में स्कूल की छत गिरने की घटना के बाद अब मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से भी ऐसा ही मामला सामने आया है। बोडरी ग्राम पंचायत के सरकारी प्राथमिक स्कूल की 25 साल पुरानी इमारत की छत अचानक ढह गई। हादसे के समय स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक के 33 बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि बच्चों ने समय रहते खतरे को भांप लिया और बाहर भागकर अपनी जान बचा ली।
शिक्षकों का कहना है कि स्कूल की जर्जर हालत के बारे में प्रशासन को पहले ही कई बार सूचित किया गया था, यहां तक कि पिछले साल छत की मरम्मत भी करवाई गई थी। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हादसे के बाद अब बच्चों और अभिभावकों में डर का माहौल है और माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल भेजने से हिचकिचा रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन ने कहा है कि मरम्मत का काम पूरा होने तक कक्षाएं पास की एक निजी इमारत में चलाई जाएंगी। यह घटना सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों की गंभीर स्थिति और लापरवाही पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है।


