हजारीबाग में अपराधियों का तांडव जारी, बीच सड़क पर दो युवकों को मारी गोली, इलाके में फैली दहशत…

Jharkhand: हजारीबाग जिले में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार की सुबह केरेडारी प्रखंड के केरेडारी-बड़कागांव मेन रोड पर पतरा पुल के पास अज्ञात अपराधियों ने दो युवकों को गोली मार दी। यह घटना दिनदहाड़े सड़क पर हुई जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया।
घायल दोनों युवक बड़कागांव थाना क्षेत्र के लुरुंगा गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार एक युवक को गोली सीने में लगी है जबकि दूसरे युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए तुरंत हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली चलाने वाले कौन थे और क्या वजह थी।
गौरतलब है कि इस घटना से पहले बड़कागांव में लगातार आपराधिक वारदातें सामने आ रही हैं। दो दिन पहले कोयला ट्रांसपोर्टिंग सड़क निर्माण एजेंसी की कई गाड़ियों में अपराधियों ने आग लगा दी थी। वहीं अगले दिन एक ज्वेलरी शॉप में दो बाइक सवारों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई थी जिसकी जिम्मेदारी कुख्यात अपराधी उत्तम यादव ने ली थी।
लगातार हो रही इन वारदातों से लोगों में भय और गहरी चिंता का माहौल है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

