1000210086

जमशेदपुर में शिक्षकों के अंतर जिला तबादले की प्रक्रिया शुरू, 248 ने किए आवेदन,जिला तबादले का अब भी इंतजार…

खबर को शेयर करें
1000210086

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले में कार्यरत प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के शिक्षकों के लिए अंतर जिला स्थानांतरण (Inter District Transfer) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी निर्देशों के बाद यह प्रक्रिया रफ्तार पकड़ रही है।

जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में कार्यरत 248 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अंतर जिला तबादले के लिए आवेदन जमा किया है। इनमें से 196 आवेदकों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्रों का सत्यापन सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा कर लिया गया है और संबंधित दस्तावेज जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) को सौंपे गए हैं।

तबादले के लिए निर्धारित हैं कुछ शर्तें
शिक्षा विभाग की ओर से अंतर जिला तबादले के लिए कुछ खास शर्तें निर्धारित की गई हैं। इनमें वे शिक्षक शामिल हैं—
•जिनके पति या पत्नी किसी अन्य जिले में कार्यरत हैं।
•जो गंभीर या असाध्य बीमारी से पीड़ित हैं।
•इन बीमारियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन सिविल सर्जन कार्यालय द्वारा किया जा रहा है जिससे प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

अंतः जिला स्थानांतरण का इंतजार
जहां एक ओर अंतर जिला स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है वहीं अंतः जिला स्थानांतरण (Intra District Transfer) का शिक्षकों को अब भी इंतजार है। जिले के कई शिक्षक खासकर जो दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में पदस्थापित हैं वे अपने गृह प्रखंड में स्थानांतरण की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

कई सीनियर और सेवानिवृत्ति के निकट शिक्षक गांवों में तैनात हैं जबकि कई जूनियर शिक्षक शहर के विद्यालयों में कार्यरत हैं। इस असमानता के कारण शिक्षकों में असंतोष का माहौल है। शिक्षक चाहते हैं कि अंतः जिला स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो जिससे उन्हें भी राहत मिल सके।

उम्मीद जताई जा रही है कि जिला शिक्षा विभाग जल्द ही इस दिशा में कदम उठाएगा ताकि शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सके।