IMG 20250723 WA0011

जमशेदपुर में तनिष्क, छगनलाल व सेनको ज्वेलर्स के गार्डों ने फर्जी आर्म लाइसेंस के जरिए खरीदी थी डबल बैरल गन, पुलिस ने जब्त किए हथियार…

खबर को शेयर करें
IMG 20250723 WA0011

Jamshedpur news: शहर के तीन नामी ज्वेलरी शोरूम छगनलाल दयाल जी ज्वेलर्स, तनिष्क और सेंको ज्वेलर्स में तैनात सुरक्षा गार्डों द्वारा फर्जी आर्म्स लाइसेंस के जरिए डबल बैरल गन खरीदने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों गार्डों से हथियार जब्त कर लिए हैं। लेकिन मामला उजागर होते ही तीनों गार्ड फरार हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार 5 जुलाई को पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि साकची स्थित इन तीनों ज्वेलरी दुकानों में तैनात गार्डों के पास फर्जी लाइसेंस पर खरीदे गए अवैध हथियार हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों शोरूम पर छापेमारी की और गार्डों को थाने बुलाया।

पूछताछ के दौरान गार्डों ने दावा किया कि उनके पास वैध लाइसेंस है और वे उसे जल्द प्रस्तुत करेंगे। पुलिस ने उन्हें लिखित बांड पर 10 दिनों की मोहलत दी और 6 जुलाई को छोड़ दिया। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी न तो उन्होंने लाइसेंस दिखाया और न ही थाने पहुंचे।

जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उनके द्वारा दिए गए सभी लाइसेंस फर्जी हैं। इसके बाद तीनों गार्डों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।

फरार गार्डों की पहचान इस प्रकार है
•लक्ष्मीकांत पांडे – निवासी कीताडीह, परसूडीह (छगनलाल दयाल जी ज्वेलर्स)
•रामजी प्रधान – निवासी जवाहर नगर, शिव मंदिर लाइन, मानगो (तनिष्क)
•विनय कुमार सिंह – निवासी रोड नंबर 4, जवाहर नगर, मानगो (सेंको ज्वेलर्स)

तीनों के पास से डबल बैरल गन और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इनके घरों पर छापेमारी की लेकिन वे सभी फरार पाए गए। साकची थाना पुलिस ने अब इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और तलाश जारी है।