कपाली के दबंगों ने छोटा गम्हरिया के देवाशीष को अपनी ही जमीन पर काम करने से रोका, पुलिस पर अनदेखी का आरोप…
Seraikela Kharsawan: छोटा गम्हरिया के रहने वाले देवाशीष महतो अपनी ही रैयती जमीन पर काम नहीं कर पा रहे हैं। कपाली मौजा स्थित इस जमीन पर स्थानीय दबंगों ने कब्जा जमाने की कोशिश करते हुए उनके काम पर रोक लगा दी है।
देवाशीष का कहना है कि खाता संख्या 263 और प्लॉट संख्या 953 (थाना संख्या 332) में उनकी लगभग दो बीघा जमीन है। जब वे वहां बाउंड्रीवाल करने जाते हैं तो दबंग लोग हथियार दिखाकर उन्हें डराते और धमकाते हैं। आरोप है कि कई बार उनकी कनपट्टी पर हथियार तक सटा दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने एसपी और कपाली ओपी प्रभारी को लिखित शिकायत दी थी लेकिन छह माह बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
देवाशीष ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है उनमें उनके मामा तारणी महतो, तेजू लाल महतो, संतोष महतो, राजू मोझी, मो. जब्बार उर्फ हयात और दिलीप महतो शामिल हैं।
देवाशीष को आशंका है कि दबंग कभी भी उनके साथ बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


