बिहार की सभी बसों में आगे की चार सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित…

Azad Reporter desk: महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य में चलने वाली सभी बसों में आगे की चार पंक्तियों की सीटें सिर्फ महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी।
इस निर्णय का उद्देश्य बसों में महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और आरामदायक यात्रा का माहौल देना है।
यह फैसला परिवहन विभाग की एक अहम बैठक के बाद लिया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने की। उन्होंने बताया कि अक्सर बसों में महिलाओं को खड़े होकर सफर करना पड़ता है या सीट को लेकर असुविधा होती है। आरक्षित सीटों की व्यवस्था से उन्हें काफी राहत मिलेगी।
हाल के वर्षों में राज्य की बसों में महिला यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है। सरकार का मानना है कि इस कदम से सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं को और अधिक सुविधा व सम्मान मिलेगा।


