बिहार बंद का दिखा असर! दरभंगा में रोकी गई ट्रेन, गांधी सेतु और कई मार्गों पर लगा जाम…

Azad Reporter desk: महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का असर राज्यभर में व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। मतदाता गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर रोक की मांग को लेकर आरजेडी कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर आए हैं। विरोध प्रदर्शन के कारण कई जिलों में रेल और सड़क यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
दरभंगा में RJD कार्यकर्ताओं ने नमो-भारत ट्रेन को रोक दिया। हाथों में झंडा-बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर आवागमन बंद करवा दिया। हाजीपुर में गांधी सेतु को जाम कर दिया गया जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क पूरी तरह ठप हो गया।
पटना के मनेर में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) को आरजेडी समर्थकों ने जाम कर दिया जिससे राजधानी को उत्तर भारत से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग अवरुद्ध हो गया। दानापुर में प्रदर्शनकारियों ने आगजनी कर विरोध जताया।
जहानाबाद के कोर्ट स्टेशन पर पटना-गया रेल मार्ग को बाधित कर दिया गया जिससे ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं। पूर्णिया और हाजीपुर में भी आरजेडी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाज़ी की और चक्का जाम किया।
महागठबंधन के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी आज सड़कों पर उतरेंगे। राहुल गांधी दिल्ली से पटना के लिए रवाना हो चुके हैं और पटना पहुंचने के बाद वे बंद के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा वे गोपाल खेमका के परिवार से भी मुलाकात कर सकते हैं जिनकी हाल ही में हत्या कर दी गई थी।
बिहार सरकार ने बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। रेलवे ट्रैक, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

