बानो स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग फिर जोर पकड़ने लगी, अरुण जोशी ने जीएम को लिखा पत्र…

Jharkhand: रांची रेल मंडल के बानो स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। ज़ोनल रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) के सदस्य अरुण जोशी ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) को पत्र लिखकर इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।
जोशी ने पत्र में बताया कि बानो जनजातीय बहुल और पिछड़ा इलाका है जहां के लोग शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए रांची, राउरकेला जैसे शहरों पर निर्भर हैं। लेकिन यहां ट्रेनों के ठहराव की सुविधा न होने से उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
अरुण जोशी ने निम्नलिखित प्रमुख ट्रेनों का बानो स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है:
•15027/15028 मौर्य एक्सप्रेस (प्रतिदिन)
•02831/02832 भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस (प्रतिदिन)
•18105/18106 जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस (सप्ताह में तीन दिन)
उनका कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव बानो में किया जाए तो यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
रेल विभाग ने जानकारी दी है कि संबलपुर यार्ड री-मॉडलिंग के कारण वहां नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य चल रहा है। इस वजह से ट्रेन संख्या 18310 जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस (वाया रांची) आगामी बुधवार को केवल रेंगाली स्टेशन तक ही चलेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

