सरायकेला की सड़कों की हालत बेहद खराब, गड्ढे और जलजमाव बने जानलेवा, DC के निर्देश के बाद भी JRDCL नहीं ले रही सुध…

Jharkhand: सरायकेला जिले में सड़कों की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। कोल्हान की लाइफलाइन मानी जाने वाली टाटा से चाईबासा और रांची को जोड़ने वाली मुख्य सड़कें अब जानलेवा बन चुकी हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और जलजमाव के कारण वाहन चालकों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
टाटा-कांड्रा रोड हो या सरायकेला से चांडिल-चौका मार्ग हर तरफ सड़कें बुरी तरह टूट चुकी हैं। बरसात में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। तेज रफ्तार से गुजरते वाहन इन खस्ताहाल सड़कों पर किसी यमदूत से कम नहीं लगते।
बता दें कि JRDCL नामक निर्माण एजेंसी ने करीब 330 करोड़ रुपये की लागत से चांडिल-चाईबासा रोड का निर्माण किया था। इन सड़कों से गुजरने वाले लोगों से दो स्थानों पर टोल टैक्स भी वसूला जाता है। लेकिन हालत ये है कि शायद ही कभी ऐसा वक्त आया हो जब इस सड़क पर गड्ढे नजर न आए हों।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिला उपायुक्त के कई बार निर्देश देने के बावजूद भी JRDCL ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। न तो न्यायालय के आदेशों का असर हो रहा है न ही प्रशासनिक चेतावनियों का।
जनकल्याण मोर्चा नामक सामाजिक संस्था ने इस गंभीर मामले को लेकर अनुमंडल न्यायालय में भी शिकायत दर्ज कराई है। फिर भी JRDCL की लापरवाही जारी है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है जो आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रही है।
अब देखना होगा कि प्रशासन कब इस सड़क समस्या का स्थायी समाधान निकालता है।

