डुमरी के भगत मध्य विद्यालय की हालत खराब, बारिश में छतरी लेकर पढ़ने को मजबूर बच्चे…

Jharkhand: गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड के इसरी बाजार स्थित भगत मध्य विद्यालय से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। लगातार हो रही बारिश के कारण स्कूल के कई कमरों की छत टपक रही है। जर्जर भवन के बीच बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कर रहे हैं।
स्कूल की छत और एस्बेस्टस शीट इतनी खराब हो चुकी है कि उसे गिरने से रोकने के लिए बांस का सहारा लगाया गया है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार अधिकारियों को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मजबूरी में शिक्षक और बच्चे छतरी लगाकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि जर्जर भवन के कारण हर समय डर बना रहता है। उन्होंने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से जल्द मरम्मत की मांग की है।
जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी ने बताया कि स्कूल के सभी कमरे और भवन जर्जर हो चुके हैं। कई बार छज्जा टूटकर गिर चुका है और बच्चे घायल हो चुके हैं लेकिन फिर भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रधानाध्यापिका सुषमा कुमारी ने भी बताया कि इस संबंध में कई बार पत्र लिखा गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन जल्द से जल्द इस भवन की मरम्मत कराए।

