1000213328

रामगढ़ में बंद खदान बनी मौत का कुआं, अवैध खनन के दौरान चाल धंसने से बड़ा हादसा…

खबर को शेयर करें
1000213328

Jharkhand: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। सीसीएल (CCL) की बंद पड़ी करमा प्रोजेक्ट सुगिया खदान में अवैध खनन के दौरान चाल धंस गई। इस हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

बताया जा रहा है कि यह खदान कुछ समय पहले सीसीएल द्वारा बंद कर दी गई थी लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों द्वारा वहां अवैध रूप से कोयला निकाला जा रहा था। शुक्रवार देर रात जब कुछ लोग खनन कर रहे थे, तभी अचानक चाल धंस गई और वे लोग खदान के अंदर ही फंस गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, 8 से 10 लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। हालांकि अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन पुलिस और सीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए प्रयास जारी हैं।

यह हादसा सीसीएल की लापरवाही को भी उजागर करता है। जानकारी के अनुसार ओपन कास्ट माइंस में ब्लास्टिंग के बाद भारी बारिश हुई थी लेकिन खदान को खुला छोड़ दिया गया। इसी का फायदा उठाकर ग्रामीण वहां कोयला निकालने पहुंचे और हादसा हो गया।

रामगढ़ की यह घटना न सिर्फ अवैध खनन की सच्चाई दिखाती है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही को भी सामने लाती है। अब समय है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।